सिलीगुड़ी,18 जून (नि.सं.)। शहर की महत्वपूर्ण सड़कों पर टोटो (ई-रिक्शा) चलाने पर प्रतिबंध के विरोध में एयरव्यू मोड़ पर सारा बंगाल ई-रिक्शा (टोटो) चालक यूनियन के सदस्यों ने धरना-प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में टोटो चालक एकत्रित होकर विरोध में शामिल हुए और अपनी समस्याएं सामने रखी।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पहले की तरह स्टिकर आधारित निर्धारित रूट प्रणाली को फिर से लागू किया जाए। उनका कहना है कि अचानक कई सड़कों पर टोटो चलाने पर रोक लगा देने से कई चालक गंभीर आर्थिक संकट में आ गए हैं। कई लोगों ने कर्ज लेकर टोटो खरीदा है और अब उन्हें परिवार चलाने व किस्त चुकाने में कठिनाई हो रही है।
टोटो चालकों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर एसडीओ कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा गया है। सिलीगुड़ी के विधायक और राज्य मंत्री शंकर घोष से मिलने की कोशिश की गई, लेकिन उनके कोलकाता में होने के कारण बातचीत नहीं हो सकी है। हालांकि बाद में आश्वासन दिया गया कि उनके लौटने पर इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, विधायक शिखा चटर्जी से भी टोटो चालकों ने मुलाकात की। उन्होंने बातचीत के जरिए समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
