सिलीगुड़ी, 26 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 42 स्थित भवसिंधु कॉलोनी में करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घटना के बाद आज राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष और विधायक शिखा चटर्जी मृतक परिवार से मिलने पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और हृदय विदारक घटना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ। साथ ही, मृतक परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
वहीं, विधायक शिखा चटर्जी ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह उनके साथ हैं। उन्होंने प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखने और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आवश्यक सहायता दिलाने की बात कही।
गौरतलब है कि बुधवार को भवसिंधु कॉलोनी में घर के भीतर लोहे की खिड़की में करंट आने से प्रमिला राय और उनके बेटे राजू राय की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
