गाजोलडोबा में शावक सहित हाथियों का झुंड मक्के के खेतों में घुसा, फसल बर्बाद

गाजोलडोबा, 30 अप्रैल (नि.सं.)। जंगल छोड़कर भोजन की तलाश में शावकों सहित हाथियों का एक बड़ा झुंड गाजोलडोबा के मिलनपल्ली इलाके में मक्के के खेतों में पहुंच गया। इस घटना से स्थानीय किसान भारी नुकसान का सामना कर रहे हैं। गुरुवार को बैकुंठपुर जंगल के बेलाकोबा रेंज के अंतर्गत गाजोलडोबा तीस्ता क्षेत्र के मिलनपल्ली में मक्के के खेतों में हाथियों का झुंड देखा गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह जंगल से निकलकर यह झुंड खेतों में घुस आया। बताया जा रहा है कि शावकों सहित करीब 40 हाथी इलाके में मौजूद हैं। दोपहर तक भी झुंड खेतों से बाहर नहीं निकला, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हाथियों के हमले से बड़े इलाके में मक्के की फसल बर्बाद हो गई है। किसानों का कहना है कि हर साल इसी तरह हाथियों के झुंड जंगल से निकलकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इस साल भी स्थिति अलग नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही बेलाकोबा रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंच गए। वन विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि हाथियों का झुंड आबादी वाले इलाके में न घुसे और सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर लौट जाए। वहीं, हर साल हो रहे इस नुकसान से परेशान किसानों ने स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *