सिलीगुड़ी में नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार    

सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की आशीघर चौकी ने नकली सीमेंट बनाने वाले एक गोदाम का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजेश राय, रूपक महंतो, चिरंजीत बर्मन और गोविंदो महंतो हैं, जो सभी रायगंज के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आशीघर के माझाबाड़ी इलाके में एक गोदाम किराए पर लेकर लंबे समय से नकली सीमेंट तैयार किया जा रहा था। नकली सीमेंट बनाने के लिए नामी ब्रांड के सीमेंट में सफेद पाउडर मिलाया जा रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात अभियान चलाया और मौके पर छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथों नकली सीमेंट बनाते हुए पकड़ लिया। गोदाम से पुलिस ने 242 बैग नामी ब्रांड के सीमेंट और 118 बैग सफेद पाउडर बरामद किया है।

पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी इस अवैध कारोबार में कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे।

गुरुवार को चारों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने मामले की गहन जांच के लिए रिमांड की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes