फांसीदेवा, 23 नवंबर (नि.सं.)।फांसीदेवा के बुद्धदेव राय विभिन्न फसलों के साथ-साथ गेंदा फूल की खेती कर मुनाफा कमा रहे हैं। फांसीदेवा ब्लॉक के जलास निजामतारा अंचल के टावाजोत गांव के फूल उत्पादक बुद्धदेव राय ने केवल सर्दियों में नहीं बल्कि बारह महीने गेंदा फूल की खेती करने में सफलता हासिल की है। सिलीगुड़ी संलग्न फांसीदेवा ब्लॉक मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र है। यहां के लोग साल भर खेती से जुड़े रहते हैं। क्षेत्र के कई किसान विभिन्न फसलों के अलावा कई बीघे जमीन पर गेंदा फूल की खेती करते हैं।
इस वर्ष बुद्धदेव राय ने लगभग 6 बीघे जमीन में गेंदा फूल की खेती की है। उन्होंने बताया कि वह करीब 8 साल से अन्य फसलों के साथ फूलों की खेती कर रहे हैं। बाजार में फूलों की अच्छी मांग है। इस वर्ष उन्होंने पीले, नारंगी गेंदा के फूलों की खेती की है। रोज सुबह फूल का मालाएं बनाकर सिलीगुड़ी के थोक बाजार में ले जाते हैं। अगर बाजार अच्छा है तो गेंदे की कीमत भी अच्छी मिलती है। साल भर गेंदे फूल की मांग रहती है।