फांसीदेवा में कुआं साफ करने के दौरान जहरीली गैस से दो की मौत,एक घायल

फांसीदेवा, 24 मई (नि.सं.)।कुएं की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अस्वस्थ हो गया है। यह घटना फांसीदेवा ब्लॉक के घोषपुकुर इलाके के कमला चाय बागान के बोमरालाइन इलाके में घटी है।


बताया जा रहा है कि शुक्रवार को एक परित्यक्त कुएं की सफाई के लिए तीन लोगों को उतारा गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने देखा कि उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। जिसके बाद तुरंत घोषपुकुर चौकी की पुलिस को सूचित किया गया। बाद में माटीगाड़ा और सिलीगुड़ी दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और पंखा व पाइप से ऑक्सीजन दी, तब जाकर एक को होश आया। बाद में उन्हें बरामद कर फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों के नाम आशिक टोप्पो और विजय कुजूर हैं। अस्वस्थ युवक को उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है। इस पूरी घटना से इलाके में मातम छा गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *