जलपाईगुड़ी, 12 जून (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी सेंट्रल बालिका विद्यालय में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि, बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अचानक विद्यालय के एक कमरे में लगे इलेक्ट्रिक पैनल से धुआं और आग निकलते देखा गया। कुछ ही पलों में छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को संभालते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी, बिजली विभाग के कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए। युद्धस्तर पर प्रयास कर आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, कक्षा के इलेक्ट्रिक पैनल में किसी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए जलपाईगुड़ी नगरपालिका के चेयरमैन सैकत चटर्जी भी मौके पर पहुंचे। आग लगने के असली कारण का पता लगाने के लिए दमकल विभाग और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
