उत्तर बंगाल, जलपाईगुड़ी, समाचार
स्वप्ना बर्मन के घर में लगी आग, बोलीं—“राजनीति में आना मेरी गलती थी”
जलपाईगुड़ी,16 मई (नि.सं.)। राजगंज में पराजित तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी स्वप्ना बर्मन के घर में आग लगने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना जलपाईगुड़ी के पाटाकाटा ग्राम पंचायत के घोषपाड़ा में हुई।जानकारी के अनुसार, घोषपाड़ा में स्वप्ना बर्मन के दो घर हैं। इनमें से एक घर में वह अपने परिवार के साथ रहती हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनके पुराने घर में आग लगने की खबर सामने आई। इसके बाद उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर घर में आग लगने की जानकारी पोस्ट की, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। बाहर तेज बारिश होने के कारण आग तेजी से फैल नहीं सकी। दमकल कर्मियों ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया।
स्वप्ना बर्मन का आरोप है कि किसी ने जानबूझकर उनके घर में आग लगाई है। उनका कहना है कि चुनाव के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में आना उनकी गलती थी।
