सिलीगुड़ी में 420 बोतल विदेशी शराब बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 11 जून (नि.सं.)। बिहार में शराबबंदी के चलते अवैध तरीके से सिलीगुड़ी से संचालित हो रहे एक बड़े शराब तस्करी नेटवर्क का प्रधान नगर थाने की पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देवीडांगा के कालकूट इलाके में एक किराए के मकान पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में विदेशी शराब का बड़ा जखीरा बरामद करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिवाकर राय (42), दीपांशु कुमार (27), अमित कुमार (26) और पंकज कुमार (20) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, किराए के इस मकान को पूरी तरह से शराब के भंडारण केंद्र में बदल दिया गया था। यहां से विशेष रूप से बिहार में शराब भेजने की तैयारी की जाती थी। बुधवार रात पुलिस ने घर के अंदर रखे 10 बड़े नीले प्लास्टिक ड्रमों से 420 बोतल विदेशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा करीब 210 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून के कारण वहां विदेशी शराब की मांग अधिक है। इसी मांग को पूरा करने के लिए सिलीगुड़ी को ट्रांजिट प्वाइंट बनाकर तस्करी का नेटवर्क चलाया जा रहा था।

प्रधान नगर थाने की पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश करने की तैयारी की है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes