राजगंज, 3 जून (नि.सं.)। प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार के आरोप को लेकर राजगंज ब्लॉक के मांतादाड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस मामले में जांच के दौरान पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व ग्राम पंचायत प्रधान दीपक विश्वास को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में और भी कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
आरोप है कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक घर आवंटित होना था, लेकिन संबंधित व्यक्ति के जॉब कार्ड का इस्तेमाल कर अवैध वित्तीय लेनदेन के जरिए किसी अन्य व्यक्ति को योजना का लाभ दिला दिया गया। इसके चलते सरकारी रिकॉर्ड में वास्तविक लाभार्थी की जगह गलत जानकारी दर्ज हो गई, जिसके कारण असली लाभार्थी अब तक योजना के लाभ से वंचित है।
इस घटना को लेकर पूर्व प्रधान दीपक विश्वास समेत कई लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान गुरुवार देर रात भोरेर आलो थाना अंतर्गत गाजोलडोबा चौकी की पुलिस ने अभियान चलाकर दीपक विश्वास को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ले जाते समय पत्रकारों को दीपक विश्वास ने कहा, “मुझे किस कारण से गिरफ्तार किया गया है, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।”
