फूलबाड़ी, 27 जून (नि.सं.)। लंबे समय से चली आ रही परेशानी का अंत हुआ, विधायक शिखा चटर्जी ने पक्की सड़क निर्माण का शिलान्यास किया। शनिवार को फूलबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत के भोला मोड़ से राजबंशी मोड़ तक सड़क निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप था कि सड़क की खराब हालत के कारण लंबे समय से आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की मांग उठाई, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई थी। आखिरकार नई सरकार की पहल से सड़क निर्माण शुरू होने पर इलाके में खुशी का माहौल है।
इस संबंध में विधायक शिखा चटर्जी ने बताया कि सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों के आवागमन में काफी दिक्कत हो रही थी। इसलिए लोगों की मांग को देखते हुए आज सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। उन्होंने बताया कि करीब 900 मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में लगभग 17 लाख रुपये खर्च होंगे।
इस मौके पर डाबग्राम-फूलबाड़ी एक नंबर मंडल अध्यक्ष राहुल बर्मन, पंचायत सदस्य दयाल राय, उत्तम सरकार, सपना सिंह, मामनी दास सहित अन्य लोग मौजूद थे।
