सिलीगुड़ी,16 जून (नि.सं.)। करोड़ों रुपये के बहुचर्चित ठगी मामले में चाकदाह थाने की पुलिस ने सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी तन्मय पाल को गिरफ्तार कर लिया। उसे सोमवार को एक निजी अस्पताल से हिरासत में लिया गया और आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड का आदेश दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में करोड़ों रुपये के लेन-देन, ठगी के तरीकों और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक, 5 जून 2026 को रंजीत दुहा ने चाकदाह थाने में तन्मय पाल के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इंटरनेट सेवा से जुड़े व्यवसाय के नाम पर प्रलोभन देकर उससे ठगी की गई। जांच के दौरान चाकदह पुलिस सिलीगुड़ी पहुंची और लगभग एक सप्ताह पहले आरोपी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद सोमवार को पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
