फूलबाड़ी, 28 जून (नि.सं.)। फूलबाड़ी-घोषपुकुर बाईपास सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। पूरी सड़क गड्ढों से भरी पड़ी है, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों की बारिश के कारण ये गड्ढे पानी और कीचड़ से भर गए हैं, जिससे आवाजाही और भी खतरनाक हो गई है।
आरोप है कि यह महत्वपूर्ण सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है और हर साल बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। मालवाहक ट्रक, छोटी गाड़ियां और अन्य वाहन चलाने में चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के दौरान अक्सर छोटे-बड़े हादसे भी हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो बरसात के दौरान हालात और भी बदतर हो सकते हैं।
