खोरीबाड़ी, 28 जून (नि.सं.)। दुकान से घर लौट रहे एक सोना व्यवसायी को हथियार दिखाकर लूटने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना खोरीबाड़ी के बतासी क्षेत्र के विजयपल्ली गांव में सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सोना व्यवसायी तपन सरकार दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर के पास पहुंचते ही दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और हथियार दिखाकर उनके पास मौजूद दो बैग छीन लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। बताया जा रहा है कि लूटे गए बैग में सोने और चांदी के आभूषण थे। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि कितनी मात्रा में आभूषण या कितनी आर्थिक क्षति हुई है।
गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी इसी इलाके में दिनदहाड़े इसी तरह की लूट की घटना हुई थी। एक बार फिर ऐसी वारदात से व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही खोरीबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
