सिलीगुड़ी, 17 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास संलग्न भोलानाथ पाड़ा इलाके में बुधवार एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना उस समय हुई जब ट्रक को एक गोदाम में अंदर ले जाया जा रहा था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन ट्रक के पलटने से बिजली के तार टूट गए, जिससे पूरे इलाके में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आशिघर सब ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया। वहीं, आशिघर फाड़ी की पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गोदाम प्रबंधन और चालक से पूछताछ की।
दूसरी ओर, बिजली विभाग के कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
