सिलीगुड़ी, 7 जून (नि.सं.)। शहर के व्यस्त पानीटंकी मोड़ पर बने नए क्लॉक टॉवर का उद्घाटन राज्य के मंत्री शंकर घोष और मेयर गौतम देव ने किया। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 एफ की पहल से तैयार इस परियोजना का भव्य कार्यक्रम के साथ लोकार्पण हुआ।
उद्घाटन समारोह में काजी सामसुद्दीन अहमद, लायंस इंटरनेशनल के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जी.एस. होरा, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुरेश कुमार अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस क्लॉक टॉवर के निर्माण में पिछले 3-4 वर्षों की लगातार मेहनत और सहयोग जुड़ा है। मंत्री शंकर घोष ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनोपयोगी कार्य शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ लोगों के लिए भी उपयोगी होते हैं।
वहीं मेयर गौतम देव ने कहा कि सामाजिक संगठनों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से शहर के विकास को नई गति मिलती है।
पानीटंकी मोड़ पर स्थापित यह क्लॉक टॉवर अब न सिर्फ समय बताएगा, बल्कि सिलीगुड़ी की पहचान और आकर्षण को भी बढ़ाएगा। स्थानीय लोगों ने भी इसे शहर के लिए एक अहम सौगात बताया।
