सिलीगुड़ी, 30 नवंबर (नि.सं.)। पुलिस ने हेलीपैड से चोरी हुई लोहे के पाइप को बरामद कर लिया गया है। इस मामले में भक्ति नगर थाना पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। तीनों चोरों के नाम बीरु बर्मन (23), अर्जुन थामी (27) और कादिर हुसैन (21) है। गिरफ्तार चोरों में बीरु और कादिर सिलीगुड़ी नगर निगम 42 नंबर वार्ड नेताजी नगर इलाके का निवासी है जबकि अर्जुन विवेकानंद नगर इलाके का निवासी है।
भक्ति नगर थाना पुलिस सूत्रों के अनुसार राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उत्तर बंगाल दौरे के दौरान तीन माईल के नजदीक अस्थायी तौर पर हेलीपैड तैयार किया गया था। उस हेलीपैड मे लगे लोहे के पाइप बीती रात चोरी हो गई थी। जिसके बाद महज 12 घंटे में कार्रवाई करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों चोरों को आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।