सिलीगुड़ी, 6 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित प्लानेट मॉल में हाईकोर्ट के निर्देश पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामी कपड़ों के शोरूम के अंदर बने अवैध निर्माण को तोड़ दिया। इस कार्रवाई से मॉल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मॉल के पूर्व सेक्रेटरी ने अंदर किए गए अवैध निर्माण को लेकर कई बार शिकायत दर्ज कराई थी। मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद अदालत ने निर्माण को अवैध मानते हुए उसे हटाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने नगर निगम को तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
शनिवार शाम नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शोरूम के अंदर बनाए गए अवैध ढांचे, लिफ्ट और सीढ़ियों के हिस्से को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
कार्रवाई के बाद मॉल प्रबंधन के भीतर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। मॉल के पूर्व सेक्रेटरी ने इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि अन्याय के खिलाफ उनकी वर्षों की लड़ाई सफल हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध निर्माण नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस बोर्ड की मिलीभगत से हुआ था और इसके खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें धमकियां भी मिलीं तथा पद से हटा दिया गया।
पूर्व सेक्रेटरी ने यह भी दावा किया कि मॉल में अब भी कई अवैध निर्माण मौजूद हैं और फायर सेफ्टी के जरूरी इंतजाम व वैध लाइसेंस की कमी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।
