सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी से दुर्व्यवहार, प्राथमिकी दर्ज 

सिलीगुड़ी , 21 फरवरी (नि.सं)। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के शिशाबाड़ी बाजार इलाके में एक उच्च माध्यमिक की छात्रा के साथ गाली-गलौज और शारीरिक दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात छात्रा घर से दुकान जाने के लिए निकली थी। आरोप है कि पड़ोस की एक महिला ने उसे रास्ते में रोककर उसके मोबाइल फोन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। महिला ने कथित तौर पर कहा कि सरकारी पैसे से मोबाइल खरीदा गया है। यह बोलकर छात्रा का अपमान किया। आरोप यह भी है कि बाद में महिला के परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए और छात्रा के साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने लगा। साथ ही उसके साथ धक्का-मुक्की और शारीरिक हेनस्था की गई। 
यहां तक कि उसे खींचकर दूसरी जगह ले जाने की कोशिश भी की गई। इसी दौरान छात्रा का भाई वहां पहुंचा और किसी तरह अपनी बहन को बचाया। घायल छात्रा को इलाज के लिए माटीगाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। छात्रा आठारोखाई बालिका विद्यालय की छात्रा है और उसका परीक्षा केंद्र नरसिंह विद्यापीठ में पड़ा है। 
शनिवार को उसकी इतिहास की परीक्षा थी। छात्रा के भाई का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते योजनाबद्ध तरीके से यह घटना की गई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा ने सीधे माटीगाड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *