राजगंज में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, फ्रिज और सेप्टिक टैंक में छिपाकर रखा गया था चुलाई शराब

राजगंज,  4 जून (नि.सं.)। फ्रिज और सेप्टिक टैंक में छिपाकर रखी गई चुलाई शराब का बड़ा भंडाफोड़ करते हुए भोरर आलो थाने की पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान में हजारों लीटर अवैध शराब नष्ट कर दी। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

गुरुवार को राजगंज के बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के नेपाली बस्ती इलाके में यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व भोरर आलो थाना के ओसी सुदीप दत्त और एनजेपी आबकारी विभाग के ओसी हृदय राय ने किया। उनके साथ केंद्रीय बल के जवान और पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, इलाके में अवैध रूप से चुलाई शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की। एक घर के अंदर ड्रमों में रखे शराब बनाने के कच्चे माल के साथ-साथ बड़ी मात्रा में तैयार चुलाई  शराब और उपकरण बरामद किए गए।

आबकारी विभाग के मुताबिक, अभियान के दौरान 240 लीटर आईडी, 320 लीटर फर्मेंटेड वॉश और 600 लीटर पाचाई बरामद की गई। इसके अलावा 17 ड्रम और 3 एल्युमिनियम के बर्तन भी जब्त किए गए है। जब्त सामान की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है।

अभियान के दौरान यह भी सामने आया कि पुलिस से बचने के लिए एक निर्माणाधीन घर के सेप्टिक टैंक, फ्रिज और जमीन के नीचे विशेष तरीके से शराब छिपाकर रखी गई थी। फ्रिज के अंदर सैकड़ों बोतलों में भरकर अवैध शराब जमा की गई थी, जबकि सेप्टिक टैंक और जमीन के नीचे भी भारी मात्रा में सामग्री छिपाई गई थी।

इसके बाद पुलिस, आबकारी विभाग और केंद्रीय बल के जवानों ने बरामद सभी चुलाई शराब और निर्माण सामग्री को नष्ट कर दिया। मामले में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes