सिलीगुड़ी में श्मशान घाट की कब्र से नवजात का शव गायब होने की आशंका, हंगामा

सिलीगुड़ी,16 अप्रैल (नि.सं.)। शहर के भक्तिनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रकाश नगर, महानंदा नदी किनारे बने श्मशान घाट में कब्र से नवजात का शव गायब होने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।


जानकारी के अनुसार, 2 नंबर वार्ड बीबीडी कॉलोनी निवासी अमित बर्मन के ढाई महीने के नवजात बच्चे की करीब एक महीने पहले मौत हो गई थी। इसके बाद बच्चे को प्रकाश नगर श्मशान घाट में दफनाया गया था। परिजन नियमित रूप से कब्र पर जाते थे।

गुरुवार सुबह जब परिजन कब्र पर पहुंचे तो वहां तोड़फोड़ और छेड़छाड़ के निशान मिले। इससे संदेह जताया जा रहा है कि किसी ने कब्र से शव निकाल लिया है। खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।


सूचना मिलते ही भक्ति नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालात को देखते हुए इलाके में केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई है।

परिजनों ने प्रशासन से कब्र खोदकर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। पुलिस ने बीडीओ को सूचित कर दिया है और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वहीं, स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर काला जादू और तंत्र-मंत्र की भी चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक तांत्रिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *