जलपाईगुड़ी आबकारी की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख से ज्यादा की अवैध विदेशी शराब जब्त, दार्जिलिंग के 3 युवक गिरफ्तार 

सिलीगुड़ी, 24 जून (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी आबकारी विभाग ने सिक्किम से अवैध रूप से लाई जा रही भारी मात्रा में नॉन-ड्यूटी पेड विदेशी शराब और बीयर जब्त कर एक बड़े तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दार्जिलिंग जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवकों के नाम सुधीर राय (27), आयुष राय (20) और आयुष्मान लिम्बू (22) है। तीनों आरोपी दार्जिलिंग जिले के निवासी हैं। हालांकि, छापेमारी के दौरान गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। 
आबकारी विभाग के अनुसार, एक्साइज डिवीजन के स्पेशल कमिश्नर सुजीत दास को गुप्त सूचना मिली थी कि सिक्किम से दो वाहनों के जरिए भारी मात्रा में शराब पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में तस्करी कर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर भक्तिनगर रेंज के डिप्टी एक्साइज कलेक्टर किराद सिंह बार्दी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।इसके बाद आबकारी अधिकारियों, रेंज कर्मियों और पुलिस के सहयोग से कालिझोरा और सेवक फॉरेस्ट इलाके में निगरानी शुरू की गई। बुधवार तड़के करीब 3 बजे बंगाल सफारी के पास संदिग्ध दो वाहनों को रोका गया, जिनमें एक टाटा सूमो और एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप शामिल थी।वाहनों की तलाशी के दौरान कुल 1,528.2 लीटर विदेशी शराब और 468 लीटर बीयर बरामद की गई। जांच में पता चला कि यह पूरा माल बिना वैध कर भुगतान के सिक्किम से लाया गया था और इसे सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी। जिसके बाद इस मामले तीन युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं शराब सहित वाहनों को भी जब्त कर लिया।  आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त शराब और बीयर का बाजार मूल्य करीब 40.54 लाख रुपये है, जबकि जब्त दोनों वाहनों की कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।तीनों आरोपियों को रिमांड की मांग के साथ सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। जलपाईगुड़ी आबकारी विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes