जलपाईगुड़ी, 23 मई(नि.सं.)। खाली घर का फायदा उठाकर हुई चोरी के मामले में जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस घटना में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 6 लाख रुपये के सोने के गहने बरामद किए गए है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अप्रैल महीने के आखिरी सप्ताह में जलपाईगुड़ी शहर के पानपाड़ा इलाके का एक परिवार डॉक्टर दिखाने सिलीगुड़ी गया हुआ था। इसी दौरान घर खाली पाकर बदमाशों ने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर अलमारी में रखे सोने के गहने चोरी कर लिए।
परिवार के सिलीगुड़ी से लौटने पर चोरी की घटना का पता चला, जिसके बाद कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए पुलिस ने एक-एक कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनके पास से चोरी हुए लगभग 6 लाख रुपये के सोने के गहने बरामद किए गए। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस चोरी में और कौन-कौन शामिल थे।
