उत्तर बंगाल, जलपाईगुड़ी, समाचार
जलपाईगुड़ी के अर्चिष्मान मजूमदार माध्यमिक परीक्षा में राज्य में 10वें स्थान पर
जलपाईगुड़ी, 8 मई (नि.सं.)। पश्चिम बंगाल माध्यमिक परीक्षा में इस बार जलपाईगुड़ी के छात्र अर्चिष्मान मजूमदार ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। 700 में से 688 अंक प्राप्त कर उसने राज्य की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया।
अर्चिष्मान जलपाईगुड़ी शहर के शिरीषतला इलाके का निवासी है और बचपन से ही एक मेधावी छात्र के रूप में जाना जाता है। वह छठी कक्षा से जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। उसकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ स्कूल और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
अर्चिष्मान के पिता अमित मजूमदार आनंदचंद्र कॉलेज में शिक्षाकर्मी हैं। बेटे की पढ़ाई में परिवार का अहम योगदान रहा है। खासकर विज्ञान विषयों की पढ़ाई में उसके पिता ने खुद मार्गदर्शन किया। इसके अलावा, उन्होंने बंगाली, इंग्लिश, हिस्ट्री और जियोग्राफी के लिए तीन अलग-अलग प्राइवेट ट्यूटर की मदद ली। अपनी सफलता पर अर्चिष्मान का कहना है कि नियमित पढ़ाई और परिवार का सहयोग ही उसकी कामयाबी का सबसे बड़ा कारण है।
