सिलीगुड़ी, 10 जून (नि.सं.)। माटीगाड़ा के ठोक्कर ब्रिज के पास स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित राय उर्फ अभिषेक (20) और उसके छोटे भाई विशाल राय (18) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम दोनों भाइयों ने मिलकर ज्वेलरी शॉप से लाखों रुपये के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद दुकान मालिक ने माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही माटीगाड़ा थाना की सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। संदेह के आधार पर दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली।
इसके बाद पुलिस ने बीती रात सुटकी गोदाम इलाके में छापेमारी कर चोरी हुए लाखों रुपये के चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। वहीं, पुलिस ने बरामद किए गए आभूषणों को ज्वेलरी शॉप मालिक को लौटाने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
घटना का इतनी जल्दी खुलासा होने और चोरी का सामान बरामद होने से दुकान मालिक ने राहत जताई और पुलिस को धन्यवाद दिया। फिलहाल माटीगाड़ा थाना की पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।
