सिलीगुड़ी, 23 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी जंक्शन ट्रैफिक गार्ड की टीम ने मंगलवार को रेगुलेटेड मार्केट में अभियान चलाकर निर्धारित स्थान के बाहर खड़े कई ट्रकों का चालान काटा है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही सिलीगुड़ी के विधायक और राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने रेगुलेटेड मार्केट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बाजार परिसर में कई अनियमितताएं सामने आई थी।
ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार रेगुलेटेड मार्केट पहुंचकर ट्रक चालकों को निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने के लिए चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके नियमों का पालन नहीं किया गया। इसी कारण मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर कई ट्रकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि रेगुलेटेड मार्केट में सभी मालवाहक वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करना होगा। किसी ट्रक को अवैध रूप से पार्क किया हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते चालान काटी जाएगी।
ट्रैफिक विभाग की इस कार्रवाई से रेगुलेटेड मार्केट में यातायात व्यवस्था सुधारने और बाजार को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। व्यवसायियों और ट्रक चालकों को भी नियमों का पालन करने की अपील की गई है। जिससे बाजार परिसर में सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जा सकता है।
