जंक्शन में आग्नेयास्त्र लेकर घूम रहे युवक को प्रधान नगर थाना की पुलिस ने किया गिरफ्तार

सिलीगुड़ी,12 अप्रैल (नि.सं.)। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने बीती रात जंक्शन में आग्नेयास्त्र लेकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम रेहान आलम (20) है।


वह इस्लामपुर के गुजरिया बाजार का निवासी बताया गया है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा और एक राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रेहान आलम इस्लामपुर से एक आग्नेयास्त्र के साथ सिलीगुड़ी पहुंचा था। वह किसी बड़े घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से ही जंक्शन के बीडी मार्केट में घूम रहा था।

आरोप है कि इसी दौरान रेहान ने बीडी मार्केट के कई व्यवसायियों को हथियार दिखाकर पैसा देने की धमकी भी दिया। लेकिन रेहान आलम किसी घटना को अंजाम दे पाता उससे पहले ही प्रधान नगर थाने की सफेद पोशाक पुलिस जंक्शन पहुंचकर रेहान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद प्रधान नगर थाने की पुलिस ने आरोपी रेहान के ऊपर गैरकानूनी रूप से हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज कर आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है।


उल्लेखनीय है कि राज्य के साथ सिलीगुड़ी से भी अवैध हथियारों का बाजार खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री की निर्देशिका के बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस लगातार जबरदस्त रूप से कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में प्रधान नगर थाने की सफेद पोशाक पुलिस ने 15 दिनों के अंदर में अब तक 6 हथियार बरामद कर चुकी है। वहीं, 7 आरोपियों को अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार भी किया है। प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *