कटिहार मेयर हत्याकांड: सिलीगुड़ी से गिरफ्तार मुख्य आरोपी

सिलीगुड़ी, 1 अगस्त (नि.सं.)। कटिहार नगर निगम के मेयर शिवराज पासवान उर्फ शिवा पासवान की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। 29 जुलाई को कटिहार के मेयर शिवराज पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मेयर की घर के सामने हत्या कर दी गई। इस मामले में परिजनों की ओर से 12 लोगों को नामजद किया गया है। घटना के बाद कटिहार सदर थाना पुलिस ने घटना जांच शुरू की।

मेयर शिवराज पासवान की हत्या मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही पिस्टल और बाइक बरामद की गई। हालांकि,घटना के बाद से मुख्य आरोपी साकेत शुभम (उर्फ तारे) फरार था। वह बिहार से भागकर सिलीगुड़ी में आकर छिपा हुआ था।

शनिवार रात को बिहार पुलिस ने सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से साकेत को सिलीगुड़ी नगर निगम के 26 नंबर वार्ड से गिरफ्तार किया। बताया गया है कि वह वहां एक रिश्तेदार के घर में छिपा था। आज उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर कटिहार ले जाया जा रहा है।

बताया गया है कि मेयर की हत्या बदला लेने के लिए की गई थी। उल्लेखनीय है कि कटिहार नगर निगम के मेयर शिवराज पासवान की गुरुवार की रात अज्ञात आरेापियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मेयर देर शाम एक मामले की पंचायत कर बाइक से घर लौट रहे थे।

तभी नगर थाना क्षेत्र के संतोषी चौक रेलवे गेट के पास आरोपियों ने मेयर पर गोली चला दी। छाती में तीन गोली लगने से मेयर गंभीर रूप से घायल हो गयेे। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मेयर को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes