केरल के 4 करोड़ के नारकोटिक्स मामले में बड़ी कामयाबी, सिलीगुड़ी से दो आरोपी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी,13 मई (नि.सं.)। केरल के करीब 4 करोड़ रुपये के नारकोटिक्स मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में सिलीगुड़ी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिरण के.के. और आरोमल के रूप में हुई है। दोनों केरल के रहने वाले हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे। जानकारी के अनुसार, पिछले महीने केरल में एक बड़े ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश हुआ था। जांच के दौरान इन दोनों आरोपियों का नाम सामने आने के बाद से ही वे फरार थे। उन्हें पकड़ने के लिए केरल पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर देशभर में तलाश शुरू की थी। तफ्तीश में पहले पता चला कि आरोपी गुजरात में छिपे हुए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस की टीम वहां पहुंची, लेकिन तब तक वे गुजरात से भागकर सिलीगुड़ी आ चुके थे। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी सिलीगुड़ी के सेवक रोड इलाके में छिपे हुए थे। इसके बाद केरल पुलिस ने भक्तिनगर थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। केरल पुलिस अब उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वापस केरल ले जाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *