सिलीगुड़ी में दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू, जातीय शक्ति संघ व पाठागार ने की खूंटी पूजा

सिलीगुड़ी, 17 जून (नि.सं.)। उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी की चर्चित और भव्य दुर्गा पूजा समितियों में शामिल जातीय शक्ति संघ व पाठागार ने खूंटी पूजा के साथ इस वर्ष मां दुर्गा के आगमन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर साल की तरह इस बार भी चंपासारी स्थित श्री गुरु विद्यामंदिर के मैदान में विधि-विधान से खूंटी पूजा का आयोजन किया गया।

पूजा कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष और नई थीम तैयार की जा रही है, जिसे फिलहाल सरप्राइज के तौर पर गुप्त रखा गया है।

कमेटी के उपाध्यक्ष अभिजीत कर्मकार ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दर्शकों को एक अनोखी थीम उपहार स्वरूप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि थीम का काम समय पर पूरा हो सके, इसी उद्देश्य से आज खूंटी पूजा के माध्यम से तैयारियों की औपचारिक शुरुआत की गई है।

पूजा के सचिव संग्राम दे दास ने बताया कि जातीय शक्ति संघ व पाठागार की पूजा देखने के लिए हर साल सिलीगुड़ी ही नहीं, बल्कि बाहर से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी आकर्षक और नई थीम पर काम किया जा रहा है, जो दर्शकों को खासा प्रभावित करेगी।

वहीं, सहसचिव मन्ना भद्रो ने कहा कि जातीय शक्ति संघ की दुर्गा पूजा सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि पूरे बंगाल में प्रसिद्ध है। नई-नई थीम के लिए इस पूजा समिति को कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी उनकी थीम लोगों को आकर्षित करेगी और उत्तर बंगाल के लोगों के लिए एक खास अनुभव लेकर आएगी। पूजा समिति का दावा है कि इस बार की थीम श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा सरप्राइज होगी, जिसे दुर्गा पूजा के दौरान भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes