बागडोगरा, 14 जून (नि.सं.)। सड़क पर खड़ी लंबी दूरी की यात्री बस को पीछे से एक लॉरी ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में लॉरी का सह-चालक और बस के कई यात्री घायल हो गए। घटना बागडोगरा-सिलीगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के अपर बागडोगरा इलाके की है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह पटना से सिलीगुड़ी की ओर जा रही एक यात्री बस अपर बागडोगरा क्षेत्र में कुछ यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक लॉरी ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बस में सवार कई यात्री घायल हो गए, जबकि लॉरी का सह-चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग, बागडोगरा थाना पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बरामद कर बागडोगरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बस के यात्रियों को छोड़ दिया गया, लेकिन लॉरी का सह-चालक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। वहीं, पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
