उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी के महावीरस्थान में उगाही के आरोप, भाजपा ने दिया कार्रवाई का संकेत
सिलीगुड़ी,11 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के महावीरस्थान फूलबाजार में कथित तौर पर उगाही (तुलाबाजी) के आरोप सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
आरोप है कि दूर-दराज़ से आकर इस बाजार में वर्षों से कारोबार कर रहे फूल व्यापारियों से मोटी रकम वसूली जा रही है। व्यापारियों के एक वर्ग का दावा है कि पैसा नहीं देने पर उन्हें बाजार में दुकान लगाने नहीं दिया जाता।
बताया जा रहा है कि ये छोटे कारोबारी फूल, बेलपत्र जैसे पूजा सामग्री बेचकर ही अपना घर चलाते है। ऐसे में अतिरिक्त पैसे देने का दबाव उनके लिए बेहद मुश्किल होता जा रहा है।
मामला सामने आने के बाद आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपियों के नाम भी जुटाए।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जल्द ही इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी और बाजार में किसी भी तरह की उगाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम व्यापारियों के साथ खड़े रहने का आश्वासन भी दिया है।
