उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में भीषण आग से फर्नीचर फैक्ट्री खाक, करोड़ों का नुकसान
सिलीगुड़ी, 13 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी संलग्न पतिराम जोत के अनिल नगर इलाके में बुधवार तड़के एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में एक फर्नीचर बनाने वाली फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग में करोड़ों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तड़के इलाके के लोगों ने फैक्ट्री में आग की लपटें देखीं और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि, इलाके में ठीक से सड़क न होने के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी देरी हुई। इस बीच आग तेजी से फैलती गई और हालात बेकाबू हो गए।
बाद में दमकल की एक छोटी गाड़ी घटनास्थल तक पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखे बड़ी मात्रा में फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुके थे।
इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। माटीगाड़ा थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
