उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में NEET-UG घोटाले के विरोध में प्रदर्शन, तनाव का माहौल
सिलीगुड़ी,14 मई (नि.सं.)। NEET-UG परीक्षा में कथित भ्रष्टाचार और पेपर लीक के विरोध में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन हुआ, जिससे परिसर में तनाव फैल गया। अखिल भारतीय लोकतांत्रिक छात्र संगठन (एआईडीएसओ) कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि आंदोलन के दौरान उन पर भाजपा समर्थित लोगों द्वारा हमला किया गया।
एआईडीएसओ के अनुसार, NEET-UG में बड़े पैमाने पर अनियमितता और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। इसी के विरोध में और NTA को खत्म करने की मांग को लेकर कॉलेज परिसर में आंदोलन चल रहा था, तभी प्रदर्शनकारियों पर हमला किया गया।
संगठन ने कहा कि लगातार केंद्रीय परीक्षाओं में हो रहे घोटालों को लेकर देशभर में आक्रोश है और NTA की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
साथ ही, घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एआईडीएसओ ने सभी छात्र संगठनों और लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होकर आंदोलन करने की अपील की है।
