नक्सलबाड़ी, 27 मई (हि.स.)। नक्सलबाड़ी ब्लॉक में विकास कार्यों को लेकर विधायक आनंदमय बर्मन ने स्वास्थ्य, शिक्षा, जनस्वास्थ्य, पुलिस, भूमि, वन विभाग, आबकारी सहित कई विभागों के अधिकारियों के साथ नक्सलबाड़ी समष्टि विकास कार्यालय में बैठक की।
बैठक के दौरान विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्यों का विवरण, क्षेत्र की समस्याएं और अब तक हुए विकास कार्यों की पूरी जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों द्वारा दी गई सूचनाओं में कुछ गड़बड़ी और असंगति के संकेत भी उन्हें मिले।
विधायक आनंदमय बर्मन ने बताया कि इससे पहले माटीगाड़ा समष्टि विकास कार्यालय और सिलीगुड़ी महकमा परिषद कार्यालय के अधिकारियों के साथ भी बैठक की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय इस तरह की प्रशासनिक बैठकों में जनप्रतिनिधियों को नहीं बुलाया जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर काम करने के पक्ष में है।
उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ काम किया जाएगा और क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। भविष्य में किसी भी विभाग के खिलाफ शिकायत या भ्रष्टाचार की जानकारी मिलने पर सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। जरूरत पड़ने पर सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
