सिक्किम से सिलीगुड़ी आते समय तीस्ता नदी में हुए एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना पिछले शुक्रवार दोपहर सिलीगुड़ी के सेवक इलाके में हुई। गंगटोक से सिलीगुड़ी आ रही एक कार तीस्ता नदी में गिरकर डूब गई। शनिवार शाम को नदी में उस गाड़ी की स्थिति का पता चल गया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य नहीं किया जा सका।
रविवार सुबह राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने बचाव अभियान चलाकर गाड़ी को नदी से बाहर निकाला, जिसके अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। मृतकों की पहचान साबिया नेओपाने, स्मारिका नेओपाने, टिका माया दाहाल और दित्या छेत्री के रूप में हुई है।
बाद में शवों को सिलीगुड़ी के उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल लाया गया। मृतकों में सिक्किम के एक मेडिकल कॉलेज की नर्सिंग प्रोफेसर और सांस्कृतिक विभाग के एक इंजीनियर भी शामिल हैं।
