सिलीगुड़ी, 4 जून (नि.सं.)। राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद आनंदमय बर्मन गुरुवार को सिलीगुड़ी लौटे। वे ट्रेन से न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंचे, जहां उनके स्वागत में भारी उत्साह देखने को मिला। स्टेशन परिसर में पहले से ही बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।
मंत्री के स्वागत के लिए फांसीदेवा की विधायक दुर्गा मुर्मू भी उपस्थित थी। इसके साथ ही विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी इस स्वागत कार्यक्रम में भाग लिया। ढाक-ढोल और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वे खुली गाड़ी में अपने घर के लिए रवाना हुए।
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर पहुंचकर राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने उन्हें स्वागत करने आए कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मंत्री पद की जिम्मेदारी देने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता जताई।
इस दौरान राजनीतिक टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस आने वाले समय में बिखर जाएगी। उत्तर बंगाल के विकास पर उन्होंने कहा कि अब तक की उपेक्षा खत्म होगी और आने वाले दिनों में यह क्षेत्र विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
