सिलीगुड़ी, 10 जून (नि.सं.)। माटीगाड़ा इलाके में गड्ढे में गिरकर युवक की मौत के मामले में राज्य के मंत्री शंकर घोष ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। बुधवार दोपहर वह उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मृतक के परिजनों व दोस्तों से बात कर उन्हें सांत्वना दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात खपरैल मोड़ के पास फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरकर अलीपुरद्वार निवासी सुब्रत सरकार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह उत्तर बंगाल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे।
घटना के बाद मंत्री शंकर घोष ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से संपर्क कर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। साथ ही उन्होंने पुलिस से भी पूरे मामले की जानकारी ली।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जहां-जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं और गड्ढों को ठीक से घेराबंदी कर सुरक्षित किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने इस मामले को लेकर जिला प्रशासन के साथ भी बातचीत की है और आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया है।
