सिलीगुड़ी,13 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी रेगुलेटेड मार्केट की विभिन्न समस्याओं का जायजा लेने के लिए शनिवार सुबह सिलीगुड़ी के विधायक तथा राज्य के मंत्री शंकर घोष बाजार का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाजार के अलग-अलग हिस्सों का दौरा किया और व्यवसायियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
लंबे समय से रेगुलेटेड मार्केट में जल निकासी व्यवस्था की खराब हालत, अवैध कब्जा, जगह-जगह पार्किंग और ट्रैफिक जाम जैसी कई समस्याओं से व्यवसायी परेशान हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों, बाजार प्रबंधन और व्यवसायियों के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने बाजार के सचिव को सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाबद्ध तरीके से चरणबद्ध समाधान पर जोर दिया।
मंत्री शंकर घोष ने साफ कहा कि अगर समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरती गई तो प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सचिव के खिलाफ भी कदम उठाया जा सकता है।
इस मौके पर कई व्यवसायियों ने अपनी दैनिक समस्याएं मंत्री के सामने रखी, जिस पर उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
