मंत्री के सख्त आदेश के बाद कार्रवाई, अवैध बालू कारोबार में आरोपी उत्तम बारुई गिरफ्तार 

सिलीगुड़ी, 27 जून (नि.सं.)। मंत्री के कड़े निर्देश के बाद भक्तिनगर थाना और आशीघर चौकी की पुलिस ने अवैध बालू कारोबार के आरोप में उत्तम बारुई को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया है कि कुछ दिन पहले आशीघर इलाके में अवैध रूप से बालू जमा कर कारोबार चलाने का आरोप उत्तम बारुई के खिलाफ लगा था। आरोप है कि अलग-अलग जगहों से बालू लाकर इलाके में जमा किया जा रहा था और वहीं से इसका व्यापार चल रहा था। मामला सामने आने के बाद स्थानीय भाजपा नेताओं ने बालू से भरे एक ट्रक को पकड़कर आशीघर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। 

शुक्रवार को राज्य के मंत्री शंकर घोष आशीघर इलाके के दौरे पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनने के साथ ही उन्होंने आशीघर चौकी में जाकर पुलिस अधिकारियों से बात की और तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंत्री के कड़े निर्देश के बाद भक्तिनगर थाने की पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही घंटों में छापेमारी कर उसके घर से उत्तम बारुई को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवैध बालू कारोबार में और कौन-कौन शामिल है और बालू कहां से लाया जाता था इसकी जांच शुरू कर दी है। आरोपी को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes