तीस्ता कैनाल में नहाने गए नाबालिग की मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप 

सिलीगुड़ी, 2 मई (नि.सं.)। राजगंज के पारोमुंडा इलाके में तीस्ता कैनाल की लिंक नदी में नहाने के दौरान सिलीगुड़ी के एक नाबालिग की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिलीगुड़ी के 37 नंबर वार्ड के घोगोमाली निवासी तन्मय दे (15) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार, शुक्रवार को तन्मय के कुछ दोस्त उसे खेलने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे।  बाद में उसे तीस्ता कैनाल की लिंक नदी पर ले गए। वहीं नहाने के दौरान उसके डूबने की बात कही गई। सूचना मिलने पर भोरेर आलो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तन्मय को बरामद कर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, मृतक के परिवार ने इस घटना को हत्या बताया है। उनका आरोप है कि तन्मय जाने के लिए तैयार नहीं था, फिर भी दोस्तों ने जबरन उसे साथ ले जाकर योजनाबद्ध तरीके से नदी में धक्का देकर उसकी हत्या की है। आरोप है कि घटना के बाद दोस्त घर लौट आए, लेकिन परिवार को कुछ नहीं बताया और तन्मय की साइकिल घर के बाहर छोड़कर चले गए। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर लाया गया, तो परिवार में मातम छा गया। कुछ दिन पहले ही तन्मय के पिता की भी मौत हुई थी, ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इधर, मृतक के परिजनों ने आशिघर फांड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद से तन्मय के दो दोस्त और उनके परिवार के सदस्य फरार बताए जा रहे है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भारी बल तैनात किया है और केंद्रीय बलों के साथ रूट मार्च भी कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *