उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में पिता गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 26 अप्रैल (नि.सं.)। बागडोगरा से एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक पिता पर अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बागडोगरा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी इलाके में यह घटना घटी है। पीड़िता की मां ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शंभू चौधरी (40) के रूप में हुई है।
शिकायत के अनुसार, घटना के समय पीड़िता की मां काम पर गई हुई थी और घर में उसकी 15 वर्षीय बेटी अकेली थी। इसी दौरान आरोपी पिता नशे की हालत में घर पहुंचा और मौके का फायदा उठाकर कथित रूप से अपनी ही बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बाद में उसकी मां भी घर लौटी और पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO Act के तहत मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
