फुलबाड़ी, 14 जून (नि.सं.)। फुलबाड़ी बाईपास पर टोल वसूली को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए विधायक शिखा चटर्जी ने रविवार को खुद मौके पर पहुंचकर टोल संग्रह बंद करवा दिया।
आरोप है कि लंबे समय से एसजेडीए के नाम पर फुलबाड़ी बाईपास से फुलबाड़ी-घोषपुकुर सड़क पर छोटे-बड़े मालवाहक और यात्री वाहनों से अवैध रूप से टोल वसूला जा रहा था।
गौरतलब है कि पिछले मई में राजनीतिक बदलाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी टोल प्लाजा पर जाकर वसूली बंद करवाई थी। उस समय आरोप लगा था कि वाहन चालकों से 100 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे थे। हालांकि कुछ दिनों बाद नोटिस जारी कर फिर से टोल वसूली शुरू कर दी गई थी।
विधायक शिखा चटर्जी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें बाईपास पर टोल वसूली की जानकारी मिली, जबकि पहले से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थी। इसलिए उन्होंने खुद जाकर इसे बंद कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध टोल किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में दोबारा कोशिश होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टोल बंद होने से वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि टोल लेने के बावजूद सड़क की मरम्मत और रखरखाव ठीक से नहीं हो रहा था, इसलिए टोल बंद होने से वे खुश हैं।
