सिलीगुड़ी, 3 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में सीपीआई(एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने पत्रकारों से बात करते देश की आर्थिक स्थिति, मिड-डे मील, बुलडोजर अभियान, बंद चाय बागान और शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार की आलोचना की।
देश की अर्थव्यवस्था को लेकर सलीम ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचा है। उनका आरोप है कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी, डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत और बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन और अधिक कठिन हो गया है।
मिड-डे मील योजना में सोयाबीन के उपयोग को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार की नीति की आलोचना की। वहीं बुलडोजर अभियान पर उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध निर्माण हटाने के नाम पर कई मेहनतकश लोगों की आजीविका और रोजगार प्रभावित हो रहे हैं।
उत्तर बंगाल के बंद चाय बागानों को जल्द से जल्द चालू करने और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सरकार से हस्तक्षेप की मांग भी सलीम ने की है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का नियमित रूप से उत्तर बंगाल का दौरा करना और लोगों की समस्याएं सुनना एक सकारात्मक कदम है। हालांकि, उन्होंने पिछले सरकार की प्रशासनिक कार्यों की आलोचना करते हुए कहा कि दौरों के बावजूद अपेक्षित विकास कार्यों की कमी रही है। उन्होंने वर्तमान सरकार से शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर सभी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की।
