सिलीगुड़ी में करंट लगने से मां और बेटे की मौत

सिलीगुड़ी, 25 जून (नि.सं.)। शहर के 42 नंबर वार्ड स्थित भवसुंदर कॉलोनी में करंट लगने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बुधवार रात घटी है। जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान प्रमिला राय और उनके बेटे राजू राय के रूप में हुई है। 

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात घर में शॉर्ट सर्किट होने से किसी तरह पूरे घर में करंट फैल गया। उसी दौरान विशेष रूप से सक्षम प्रमिला राय ने खिड़की के लोहे की ग्रिल को छू लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गई। मां को बचाने के लिए उनका बेटा राजू राय दौड़कर आया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में उसी इलाके की एक अन्य महिला भी करंट से झुलस गई हैं। उन्हें तुरंत सेवक रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाने की पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बाद में मां और बेटे के शवों को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, पूर्व पार्षद शोभा सुब्बा भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes