सिलीगुड़ी में युवक की गला दबाकर हत्या, दो गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 4 जून (नि.सं.)। शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में एनजेपी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बताया गया है कि 22 मई की सुबह सिलीगुड़ी के 31 नंबर वार्ड के नौकाघाट इलाके में महानंदा नदी के किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की जांच एनजेपी थाने की पुलिस ने शुरू की। जांच में मृत युवक की पहचान जलपाईमोड़ नीचपाड़ा निवासी 21 वर्षीय सौकुमार पारिदा उर्फ लामा के रूप में हुई।

इसके बाद बुधवार को पुलिस ने जलपाईमोड़ नोतूनपाड़ा निवासी संजीव दास और अशोकनगर निवासी विशाल दास को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 21 मई की रात तीनों जलपाईमोड़ इलाके में साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर सौकुमार का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को वैन में डालकर नौकाघाट ले गए और महानंदा नदी के किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes