सिलीगुड़ी , 23 दिसंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम ने केंद्र सरकार के हाउसिंग फॉर ऑल परियोजना के माध्यम से 'बांग्लार बाड़ी, स्वप्नेर दिशारी' को साकार करने लिये पहल की है। इस पहल से राज्य सरकार जरूरतमंदों के लिए पक्के मकान बनाएगी।
इस विषय पर आज सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क में एक सभा की गई। इस दौरान सुडा परियोजना के अधिकारी एवं सिलीगुड़ी नगर निगम के प्रशासक मंडली के सदस्य उपस्थित थे। जरूरतमंद इस परियोजना के लाभों से वंचित न इस मुद्दे पर चर्चा की गई।
नगर निगम के प्रशासक मंडली के चेयरमैन गौतम देव ने कहा कि अब तक नगर निगम के कुल 1482 लोगों को परियोजना में शामिल किया गया है। परियोजना पर कुल 12 करोड़ 74 लाख 99 हजार रूपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वह सभी को जमीन का पट्टा मुहैया कराएंगे और इस परियोजना के जरिए पक्का घर बनाएंगे।