नक्सलबाड़ी अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल, लापरवाही का आरोप

नक्सलबाड़ी, 28 मई (हि.स.)। नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में नवजात शिशु की मौत को लेकर बुधवार रात भर तनाव की स्थिति बनी रही। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।परिवार के अनुसार, नक्सलबाड़ी के स्टेशनपाड़ा इलाके की एक गर्भवती महिला को बुधवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि रात में दर्द बढ़ने के बावजूद कई बार डॉक्टर और नर्सों को बुलाया गया, लेकिन किसी ने समय पर ध्यान नहीं दिया। पर्याप्त चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण महिला ने अस्पताल के बेड पर ही बच्चे को जन्म दिया।परिजनों का दावा है कि जन्म के बाद नवजात ने रोया भी था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्सों के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर नक्सलबाड़ी ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।परिवार ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कड़ी कार्रवाई व निलंबन की मांग की है। उनका आरोप है कि अस्पताल में भर्ती के समय मां और बच्चा दोनों स्वस्थ थे, लेकिन उचित इलाज न मिलने के कारण यह दुखद घटना घटी है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes