सिलीगुड़ी, 28 जून (नि.सं.)। बारिश के कारण सिलीगुड़ी नगर निगम के 24 नंबर वार्ड अंतर्गत देवाशीष कॉलोनी इलाका बार-बार जलमग्न हो जा रहा है। इस लिये बाध्य होकर नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम किया है। आरोप है कि बारिश होते ही फुलेश्वरी नदी का पानी घर में घुस जाता है। इलाके की जल निकासी व्यवस्था दुरूस्त नहीं है।
पार्षद प्रतुल चक्रवर्ती ने इलाके का जायजा लिया, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई पहल नहीं की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पार्षद के खिलाफ भी क्षोभ प्रकट किया। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले बारिश के कारण इलाके के लोगों के घरों में पानी भर गया था। इसके बाद आज फिर से इलाका जलमग्न हो गया है। इस लिये आज स्थानीय लोगों ने पथावरोध किया है।
उधर, नगर निगम के डिप्टी मेयर रंजन सरकार ने कहा कि जिस तरह से बारिश हो रही है। उससे नगर निगम के विभिन्न इलाके जलमग्न हो गए हैं। सिलीगुड़ी नगर निगम और बोरो ऑफिस सबके साथ है। लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम खुला है। हम लोगों के साथ हैं। जलमग्न इलाकों से पानी जल्द निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।