उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में ‘स्पाइडरमैन’ चोर फिर गिरफ्तार, चोरी का सामान बेचते दबोचा गया
सिलीगुड़ी,14 मई (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने चोरी का सामान बेचने के आरोप में कुख्यात चोर “स्पाइडरमैन” को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हाल ही में जमानत पर बाहर आया था और दोबारा अपराध में लिप्त पाया गया।
पुलिस के अनुसार, सिक्किम के गेजिंग इलाके में खड़ी एक गाड़ी से पर्यटक का कीमती सामान चोरी कर उसे सिलीगुड़ी में बेचने की कोशिश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर माटीगाड़ा स्थित एक शॉपिंग मॉल के बाहर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों के बयान संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें हिरासत में लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि दो दिन पहले ही उन्होंने गेजिंग पार्किंग क्षेत्र से एक पर्यटक का कैमरा बैग चुराया था। बैग में महंगा कैमरा, लेंस और विदेशी ब्रांड की घड़ी मौजूद थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश राई उर्फ “स्पाइडरमैन” (38) और सूरज राई (29) के रूप में हुई है, जो सिक्किम के गेजिंग के निवासी है।
गौरतलब है कि “स्पाइडरमैन” को पहले भी 10 लाख रुपये के सोना चोरी मामले में गिरफ्तार कर सिक्किम ले जाया गया था। हाल ही में जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है।
